दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा, कुछ दिनों में बारिश की संभावना

उत्तर भारत के अधिकतर राज्य कड़ाके की ठंड के बीच घने कोहरे की मार झेल रहे हैं। शीतलहर के साथ ही घना कोहरा लोगों पर कहर बरपा रहा है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा से लेकर बिहार तक कई इलाकों में घने से बहुत घना कोहरा छाया है। देश के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बीते दिन की तुलना में आज घने कोहरे से मामूली राहत है।

वहीं 11 से 13 जनवरी के बीच हवा की दिशा बदलेगी तो ठिठुरन भरी ठंड से भी थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट और राजस्थान, बिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में अगले दो दिन में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की है।