शीतलहर चलने से ठिठुर गई दिल्ली, पहाड़ों पर भी बर्फबारी के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। इस समय दिल्ली, हिल स्टेशनों से भी सर्द हो गई है। वहीं पूरा उत्तर भारत भी भीषण ठंड और शीत लहर की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी फिर शुरू होगी। इससे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड बढ़ेगी। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरे छाए रहने के आसार हैं। वही शनिवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान 18 और पांच डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बता दें दिल्ली का ये तापमान दो साल बाद जनवरी में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 7 जनवरी तक राजधानी के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। शीत लहर के साथ कोहरा भी परेशान करेगा। मौसम विभाग ने 5 से 7 जनवरी के बीच कोहरे और शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।