रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 9 से 12 अक्टूबर तक इटली, फ्रांस की यात्रा करेंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्विपक्षीय सामरिक भागीदारी बढ़ाने तथा सैन्य उपकरणों के संयुक्त विकास के मद्देनजर औद्योगिक सहयोग तलाशने के लिए सोमवार से इटली और फ्रांस की चार दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दो देशों की यात्रा के पहले चरण में सिंह रोम जाएंगे, जहां वह इटली के रक्षा मंत्री गुइदो क्रिसेतो से व्यापक चर्चा करेंगे।

मार्च में इतालवी प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान भारत और इटली के बीच सामरिक साझेदारी मजबूत हुई थी।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नौ से 12 अक्टूबर तक इटली और फ्रांस की यात्रा करेंगे।’’पेरिस में राजनाथ सिंह फ्रांस के रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नु के साथ पांचवें वार्षिक भारत-फ्रांस रक्षा संवाद में भाग लेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत और फ्रांस ने हाल में सामरिक साझेदारी के 25 साल पूरे किए। दोनों देशों के अहम औद्योगिक सहयोग समेत गहरे और व्यापक द्विपक्षीय रक्षा संबंध हैं।’’