CWG 2022: भारत ने जीता तीसरा गोल्ड, अचिंता शेउली ने वेटलिफ्टिंग में जीता सोना

CWG 2022: भारत के युवा वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीत लिया है। पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे 20 साल के अचिंता ने रविवार देर रात पुरूषों के 73 किलो वर्ग में नये रिकॉर्ड के साथ बाजी मारकर देश को तीसरा पीला तमगा दिलाया।

शेउली ने कुल 313 किलो वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 143 किलो वजन उठाया जो राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड है। इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 170 किलो का भार उठाया।

पिछले साल जूनियर विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले शेउली ने दोनों सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट तीसरे प्रयास में किये। मलेशिया के ई हिदायत मोहम्मद को रजत और कनाडा के शाद डारसिग्नी को कांस्य पदक मिला जिन्होंने क्रमश: 303 और 298 किलो वजन उठाया।

शेउली ने जीत के बाद कहा कि मैं बेहद खुश हूं… कई संघर्षों को पार करने के बाद मैंने यह पदक जीता। मैं इस पदक को अपने भाई और सभी कोच को समर्पित करूंगा। इसके बाद मैं ओलंपिक की तैयारी करूंगा।