दिल्ली में पारा 4.4 डिग्री तक गिरा, IMD ने कहा- ऐसे ही रहेंगे हालात…

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार सुबह इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसकी वजह से कोहरे की चादर में लिपटी राजधानी धर्मशाला, नैनीताल और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति जारी रहेगी। इसके बाद इसकी तीव्रता कुछ कम हो जाएगी। इसके साथ ही अगले 2-3 दिनों तक उत्तराखंड, दक्षिण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश की संभावना है।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र नई दिल्ली (Regional Meteorology Centre New Delhi) के मुताबिक, दिल्ली में 5 जनवरी को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने के आसार हैं. राजधानी में 6 और 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। यहां घने कोहरे के साथ शीतलहर चलेगी. 8 जनवरी से पारा बढ़ने के आसार हैं। ​रविवार को राजधानी में सुबह हल्के कोहरे के साथ दिन में बादल साफ रहेंगे। 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। घने कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर रह गई है, जिसकी वजह से रेल परिवहन प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली कम से कम 19 ट्रेन डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे तक देरी से चल रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सैटेलाइट के जरिये ली गई तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें भारत के मैदानी क्षेत्रों और उससे लगते मध्य, पूर्वी और उत्तर भाग में कोहरे की मोटी परत दिख रही है।