दिल्ली में पड़ रही है शिमला जैसी कड़ाके की ठंड! बर्फीली हवाओं के कारण अगले तीन दिनों तक शीत लहर का रहेगा प्रकोप

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। इस समय दिल्ली, हिल स्टेशनों से भी सर्द हो गई है। वहीं पूरा उत्तर भारत भी भीषण ठंड और शीत लहर की चपेट में है। आपको बताए गुरुवार को दिनभर भयंकर शीतलहर चली और पारा रिकॉर्ड नीचे गिर गया है। यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं दूसरी तरफ डलहौजी का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला का 5.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा का 3.2 डिग्री सेल्सियस, शिमला का 3.7 डिग्री सेल्सियस, देहरादून का 4.6 डिग्री सेल्सियस, मसूरी का 4.4 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल का 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

बता दें दिल्ली का ये तापमान दो साल बाद जनवरी में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन 5 से 7 जनवरी तक राजधानी के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। शीत लहर के साथ कोहरा भी परेशान करेगा। मौसम विभाग ने 5 से 7 जनवरी के बीच कोहरे और शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया है।