शपथ लेते ही एक्शन में आए CM नायब सैनी, बुला लिए कईं विभागों के अधिकारी

शपथ लेते ही एक्शन में आए CM नायब सैनी, बुला लिए कईं विभागों के अधिकारी

नकुल जसूजा, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह आज विधिवत रूप से हरियाणा विधानसभा के सदस्य बन गए। करनाल से विधानसभा का उपचुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने आज विधायक पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा हरियाणा के कईं मंत्री भी शामिल रहे। इनमें डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, लीला राम गुर्जर, दुड़ाराम, सत्यपाल जरावता के अलावा बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक देवेंद्र बबली समेत कई मंत्री मौजूद रहे।

शपथ लेते ही एक्शन

विधायक पद की शपथ लेते ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तुरंत एक्शन में आ गए। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा सचिवालय में कई विभागों की बैठक बुला ली। इनमें दोपहर करीब 12 बजे मुख्यमंत्री कृषि विभाग के अधिकारियों और दोपहर 2 बजे लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ हरियाणा सचिवालय में बैठक करेंगे।

दिल्ली के लिए होंगे रवाना

विधिवत रूप से हरियाणा विधानसभा का सदस्य बनने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी जहां पूरे एक्शन में नजर आ रहे हैं। वहीं, उन्होंने अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी शुरू कर दी है। विधायक पद की शपथ लेने और अधिकारियों से मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी शाम 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी इस दौरान उनके साथ रहेंगे। दिल्ली में वह हाई कमान से मिलकर विधानसभा चुनाव की रणनीति के अलावा लोकसभा चुनाव के परिणाम पर भी मंथन कर सकते हैं।