CM केजरीवाल ने नए साल पर दिल्लीवालों को दिया 50 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा…

सीएम अरविंद केजरीवाल ने नए साल पर सोमवार को दिल्लीवालों को 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक एसी बसों का तोहफा दिया। इन बसों से प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। ये बसें सात रूटों पर चलाई जाएंगी। सभी बसों में जीपीएस, सीसीटीवी, व्हील चेयर की सुविधा के साथ महिलाओं के लिए पिंक सीट, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सीट उपलब्ध है।

इस अवसर पर सीएम ने कहा, “मैं दिल्ली में प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन के नए युग में दिल्लीवासियों का स्वागत करता हूं। सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें शामिल जा रही हैं और अब दिल्ली में 300 इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं। वर्तमान में दिल्ली की सड़कों पर कुल 7379 बसें दौड़ रही हैं, जो अब तक की सबसे अधिक बसों की संख्या है।” उन्‍होंने कहा कि हम डीएमआरसी की 100 इलेक्ट्रिक बसों को भी टेकओवर कर रहे हैं और अब दिल्ली सरकार ही डीएमआरसी की फीडर बसें चलाएगी। दिसंबर 2023 तक दिल्ली के पास 2280 इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी और 2025 तक 6380 और ई-बसें खरीदी जाएंगी। जिसके बाद दिल्ली में कुल 10480 बसें हो जाएंगी, जिसमें 8280 इलेक्ट्रिक बसें होंगी, जो कुल बस बेड़े का 80 फीसद हैं।