किसानों के समर्थन में खड़े हुए सीएम भगवंत मान, इंटरनेट बंद करने पर जताई नाराजगी

किसानों के समर्थन में खड़े हुए सीएम भगवंत मान, इंटरनेट बंद करने पर जताई नाराजगी

पिछले कई दिनों से दिल्ली और हरियाणा के सीमाओं पर हजारों की संख्या में किसान बैठे हुए हैं। केंद्र सरकार से अबतक 3 दौर की बातचीत हो गई है, लेकिन कोई समाधान निकलता नहीं दिखाई दे रहा है।

किसान अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। किसान संगठनों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी सभी मांगो को माना नहीं जाएगा, तब तक वो वापस नहीं लौटेंगे।

इसके अलावा किसान संगठन ने सरकार को रविवार तक का समय दिया है। इसके बाद सभी किसान दिल्ली कूच करने की तैयारी में है।

इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का बड़ा बयान सामने आया है। सीएम मान ने अपना समर्थन किसानों को दिया है।

साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया है कि पिछले बैठकों में अधिकत्तर मुद्दों पर सहमति बन गई है, रविवार को होने वाली बैठक में तमाम मुद्दों को सुलझा लिया जाएगा।

इसके साथ ही भगवंत मान ने प्रदेश के कई जिलों में इंटरनेट बंद करने का भी विरोध किया है। उन्होंने कहा कि तीन जिलों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है, जिससे छात्रों को पढ़ने में काफी परेशानी हो रही है।

साथ ही उन्होंने प्रदेश के जनता को आश्वस्त किया है कि प्रदेश में सभी प्रकार की सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति मिलेगी।

गौरतलब है कि किसानों आंदोलन के वजह से दिल्ली से पंजाब जाने वाली सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई है। जिसके कारण गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कमी की आशंका जताई जा रही है।

बता दें, हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर सुरक्षाबलों और किसानों में भारी गतिरोध देखने को मिला है। एक ओर जहाँ आँसू गैस और रबर बुलेट से कई किसान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

वहीं, दूसरी ओर हरियाणा पुलिस के भी कई जवान घायल हुए हैं। पिछले कई दिनों से शंभू बॉर्डर पर किसान और सुरक्षा बल आमने सामने हैं। हालांकि, पंजाब में किसानों को कही नहीं रोका जा रहा है।

भगवंत मान सरकार ने किसानों के मांगो को जायज बताते हुए, केंद्र सरकार को इसपर अमल करने को कहा है।

हालांकि, केंद्र सरकार ने अधिकत्तर मुद्दों पर हामी भर दी है, लेकिन MSP पर बात नहीं बन पा रही है। अब सबकी नजर रविवार शाम को होने वाली चौथे दौर की बैठक पर टिकी है।