केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दिया तोहफा, मार्च में मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी

केंद्र सरकार ने केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाकर कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के बढ़ने के कारण मार्च में केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को इस महीने (मार्च) में बढ़ी हुई सैलरी मिलेगी। इस महंगाई भत्ते का कर्मचारियों को लंबे समय से इंतजार था। गौरतलब हो कि होली के समय ही सरकार ने इसकी घोषणा कर दी थी और वित्त वर्ष पूरा होने से पहले ही सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को यह तोहफा दे दिया है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में डीए हाइक की घोषणा करते हुए बताया कि सरकार डीए हाइक पर 12,815 करोड़ रुपये खर्च करेगी। 4 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 38 फीसदी से बढ़कर 42 फीसदी पर जा पहुंचा है। इससे देश के 47 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को फायदा होगा।

आपको बता दें कि इसके साथ ही केंद्र सरकार के पेंशन धारियों की महंगाई राहत भी बढ़ी है। इससे देश के 69 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा। महंगाई राहत भी 38 फीसदी से बढ़कर 42 फीसदी पर पहुंच गई है। यह एक जनवरी 2023 से लागू हो गया है। इसका मतलब है कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी और फरवरी का एरियर मार्च की सैलरी के साथ मिलेगा।