राष्ट्रीय कैडेट कोर Republic Day शिविर 2023 में 19 मित्र देशों के कैडेट लेंगे भाग

रूस, अमेरिका, इग्लैंड समेत 19 देशों के कैडेट गणतंत्र दिवस शिविर 2023 में शामिल हो रहे हैं। यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत गणतंत्र दिवस शिविर 2023 में 19 मित्र देशों के कैडेट और अधिकारी भाग लेंगे। सभी 28 राज्यों एवं 8 केंद्र शासित प्रदेशों की 710 लड़कियों सहित कुल 2,155 कैडेट एक महीने तक चलने वाले इस कैंप में भाग ले रहे हैं। यह बात एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने 6 जनवरी को नई दिल्ली में कही। एनसीसी के डीजी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आरडीसी 2023 में भाग लेने वाले कैडेट और अधिकारी यूएसए, यूके, अर्जेंटीना, ब्राजील, मंगोलिया, रूस, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, नेपाल, मालदीव, मोजाम्बिक, मॉरीशस, सेशेल्स, सूडान, न्यूजीलैंड, फिजी और वियतनाम सहित 19 मित्र देशों से हैं। यह किसी भी गणतंत्र दिवस शिविर में विदेशी कैडेटों की अब तक की सर्वाधिक भागीदारी है। कुल 2155 कैडेट्स में से 114 कैडेट जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से हैं और 120 कैडेट उत्तर पूर्व क्षेत्र (एनईआर) से आते हैं। देश भर से आए कैडेट्स के साथ यह शिविर मिनी इंडिया को व्यक्त करता है।