BJP का आज स्थापना दिवस, PM नरेंद्र मोदी ने किया भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित

भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण देश के अलग-अलग 10 लाख जगहों पर किया गया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा वो पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र सदा सर्वोपरि रहा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत जिसकी आस्था का मूलमंत्र रहा है। जब जनसंघ का जन्म हुआ था तो हमारे पास न ज्यादा सियासी अनुभव था, न साधन थे, न संसाधन थे लेकिन हमारे पास मातृभूमि के प्रति भक्ति और लोकतंत्र की शक्ति थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भगवान हनुमान जी का भी जिक्र किया। उन्होंने हनुमान जी का जिक्र करते हुए कहा कि जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे। इसी प्रकार से जब भ्रष्टाचार की बात आती है, जब परिवारवाद की बात आती है, कानून व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है।