चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए भाजपा पार्षद गुरचरणजीत सिंह काला

चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए भाजपा पार्षद गुरचरणजीत सिंह काला

चंडीगढ़ में महापौर के आगामी चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद गुरचरणजीत सिंह काला शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए हैं।

चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 20, हल्लोमाजरा के पार्षद काला मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इस दौरान चंडीगढ़ के ‘आप’ के सह प्रभारी सन्नी अहलूवालिया एवं अन्य नेता भी मौजूद थे।

इससे 4 दिन पहले ‘आप’ के पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू भाजपा में शामिल हो गये थे। काला के शामिल होने के बाद चंडीगढ़ नगर निगम में ‘आप’ पार्षदों की संख्या अब 13 हो गयी है।

भाजपा के अब 14 पार्षद हैं, पार्टी के पास पदेन सदस्य स्थानीय सांसद भी हैं जिन्हें इन चुनाव में वोट करने का अधिकार है। चंडीगढ़ के 35 सदस्यीय निगम में कांग्रेस के 7 जबकि अकाली दल का 1 पार्षद हैं।

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में महापौर, वरिष्ठ उप महापौर एवं उप महापौर का चुनाव 18 जनवरी को होगा।

इससे पहले, काला के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि ‘आप’ के महापौर के उम्मीदवार कुलदीप कुमार टीटा ने उनके पिता का कथित तौर पर अपहरण कर लिया है।