सोनिया गांधी के कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुने जाने पर बोले भूपेंद्र हुड्डा, उनके कुशल नेतृत्व से मिलेगा लाभ

सोनिया गांधी के कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुने जाने पर बोले भूपेंद्र हुड्डा, उनके कुशल नेतृत्व से मिलेगा लाभ

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है। वहीं, इसके बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को उनके विशाल अनुभव का लाभ मिलता रहेगा।

एक्स पर पोस्ट कर दी बधाई

एक्स पर एक पोस्ट में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। कांग्रेस पार्टी निश्चित रूप से उनके विशाल अनुभव और कुशल नेतृत्व से लाभान्वित होती रहेगी।

सोनिया गांधी को चुना गया कांग्रेस संसदीय दल का नेता

इससे पहले संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की बैठक में सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष फिर से चुना गया।सीपीपी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस संसदीय दल के अध्यक्ष पद के लिए सोनिया गांधी के नाम का प्रस्ताव रखा। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि सीपीपी ने सर्वसम्मति से सोनिया गांधी को सीपीपी अध्यक्ष चुना है। अब सीपीपी अध्यक्ष को लोकसभा के फ्लोर नेताओं को नामित करना होगा।