Ayodhya Deepostav 2022: 15.76 लाख दीपों से जगमगाई प्रभु श्रीराम की अयोध्या, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

ayodhya deepotsav

उत्तर प्रदेश में रामनगरी अयोध्या ने दीपावली की पूर्व संध्या पर रविवार को एक बार फिर एक ही स्थान पर एक साथ सर्वाधिक दीये जलाने का कीर्तिमान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य विशिष्ट जनों की माैजूदगी में आज शाम अयोध्या में सरयू नदी के तट पर एक साथ 16 लाख दीपक जलाने के लक्ष्य को प्राप्त करने का उपक्रम प्रारंभ किया।

छठे दीपोत्सव का प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आगाज किए जाने के बाद गिनीज बुक की टीम ने घोषित किया कि इस साल अयोध्या में दीपोत्सव पर 15 लाख 76 हजार दीप जलाये गए। यह अपने आप में एक कीर्तिमान है। अयोध्या ने अपने ही पुराने कीर्तिमान को तोड़कर यह रिकॉर्ड कायम किया है।

इससे पहले पिछले साल अयोध्या में पांचवें दीपोत्सव पर 11 लाख से अधिक दीये जलाने का रिकाॅर्ड बना था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तरफ सेे मुख्यमंत्री योगी को इस कीर्तिमान का प्रमाणपत्र भी सौंपा गया।