बदायूं में तीन सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से हमला, दो की मौत, आरोपी एनकाउंटर में ढेर

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला मुख्यालय के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के बाबा कॉलोनी में मंगलवार देर शाम मामूली विवाद में दो सगे भाइयों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई जबकि हमले में तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। इस बीच पुलिस ने घटना के आरोपी को एक मुठभेड़ में मार गिराया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की बाबा कॉलोनी में आज देर शाम नाई की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति ने घर में घुसकर तीन सगे भाइयों आयुष, युवराज और आहान उर्फ हनी पर कुल्हाड़ी से हमला किया जिसमें आयुष (12) और आहान उर्फ हनी (आठ) की मौत हो गयी जबकि गंभीर रूप से घायल अवस्था में युवराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉक्टर राकेश सिंह ने बताया कि घटना के कुछ घंटों बाद साजिद (22) नाम के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।

उन्होंने कहा, ” घटना के बाद दो बच्चों की नृशंस हत्या का अभियुक्त खून से लथपथ साजिद ऊर्फ जावेद मौके से भाग गया। हमारी टीम को जब पता चला और उसका पीछा किया तो वह शेखूपुर के जंगल में दिखाई दिया। वहां हमारी एसओजी और थाना पुलिस पीछा करती हुई पहुंची तो अभियुक्त ने पुलिस पर फायर किया और फिर पुलिस की जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गयी।

आईजी ने आगे बताया कि साजिद उर्फ जावेद पुत्र बाबू घटना का आरोपी था। खून से लथपथ भाग रहा था तो लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति खून से लथपथ भाग रहा है तो उसका पीछा किया गया। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का पता किया जा रहा है।

इस बीच, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना रात करीब आठ बजे के आसपास हुई, जिसमें साजिद ऊर्फ जावेद नाम के व्यक्ति ने अपनी दुकान के सामने रहने वाले व्यक्ति के घर में जाकर उसके बच्चों पर हमला किया, जिसमें दो बच्चों के मृत्यु हो गई और एक घायल है।

उन्होंने आगे बताया कि घटना के बाद साजिद भागा और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, उसकी घेराबंदी की। उसने पुलिस पर भी फायरिंग की और जवाबी फायरिंग में घायल हुआ, बाद में उसकी मृत्यु हो गई।