Punjab Election 2022 : पंजाब चुनाव को लेकर जालंधर में खुलेगा BJP का स्टेट मुख्यालय

BJP
BJP

किसान आंदोलन खत्म होने के बाद भारतीय जनता पार्टी  ने पंजाब में जोरदार एंट्री के लिए पूरी तैयारी करनी शुरू कर दी है। पार्टी इसके लिए जहां प्रतिद्वंद्वी दलों के नाराज चल रहे नेताओं को तोड़ रही है, वहीं धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी संगठनों तक भी अपनी पैठ बनाने में जुटी है। इसी बीच BJP ने जालंधर में पंजाब स्टेट मुख्यालय खोलने का फैसला लिया है। इस स्टेट मुख्यालय से ही प्रदेश में भाजपा की सारी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां ऑपरेट होंगी।

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में अपना मुख्यालय बनाने की कवायद शुरू कर दी है। यहीं से पार्टी की राजनीतिक और सोशल सभी प्रकार की गतिविधियों की रूपरेखा तैयार होगी। उन सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी कार्ययोजनाएं भी यहीं पर बनेंगी। फिलहाल भाजपा ने जालंधर में तीन कोठियां किराए पर ली हैं, अभी यहीं से स्टेट मुख्यालय का काम करेंगे। जल्द ही भाजपा मीडिया और राजनीतिक गतिविधियों के केंद्र जालंधर में ‘कमलम’ जैसा ऑफिस बनाने की तैयारी में है।

वहीं भाजपा इसके बाद जिला स्तर भी दफ्तर खोलने जा रही है। ऐसा नहीं है कि अभी भाजपा के जिलों में दफ्तर नहीं है। दफ्तर तो हैं लेकिन वहां हलचल बहुत कम हैं। अब सभी जिलों में भाजपा अपने दफ्तर खोलेगी। वहां भी चुनाव के लिए क्षेत्र की परिस्थतियों के अनुसार गतिविधियां होंगी। इन जिला कार्यालयों में होने वाली गतिविधियां और बनी रणनीतियां पंजाब के स्टेट मुख्यालय जालंधर पहुंचेंगी। उसके बाद इन्हें अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी का सोशल मीडिया सेल दिल्ली से ऑपरेट होता है। पंजाब में अपनी भाषा पंजाबी होने के कारण BJP यहां सोशल मीडिया का अलग से केंद्र चलाएगी। इस केंद्र से सोशल मीडिया पर पंजाब से संबंधित भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियों, रैलियों, जन सभाओं इत्यादि की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। भाजपा जालंधर में ही सोशल मीडिया की टीम को बैठाने की तैयारी कर रही है।

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के जालंधर में खुलने जा रहे मुख्य कार्यालय की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। इसका प्रभार हिमाचल भाजपा के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक पवन राणा संभालेंगे। पवन फिलहाल चंडीगढ़ नगर निगम के होने जा रहे चुनाव में व्यस्त हैं। 24 दिसंबर को वहां से निवृत्त होने के बाद जल्द ही यहां अपना कार्य शुरू करेंगे। उनके पास पंजाब और चंडीगढ़ भाजपा का प्रभार है। यह भी दीगर है कि अब पंजाब भाजपा का मुख्यालय जालंधर में खुलने के बाद फिर राज्य की सारी गतिविधियां चंडीगढ़ से नहीं बल्कि यहीं से चलेंगी।