Assembly Election Result 2022 : उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों में BJP का परचम, पंजाब में AAP की ऐतिहासिक जीत

aap_bjp

देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में स्पष्ट बहुमत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में शानदार जीत हासिल की है।

यूपी- कुल सीटें- 403

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 255 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस-2, बसपा-1 और समाजवादी पार्टी (सपा) ने 111 सीटें जीतीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहरी सीट से एक लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल कर ली है। जबकि करहल सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 67504 वोट से जीत गए हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथू विधानसभा सीट पर सपा की डॉ पल्लवी पटेल से 7337 वोटों से हार गए हैं।

उत्तराखंड- कुल सीटें- 70

उत्तराखंड में भाजपा ने 70 सीटों में से 47 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है। राज्य विधानसभा चुनाव में निर्दलीय को दो सीटें मिली हैं, जबकि आम आदमी पार्टी का खाता तक नहीं खुला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत चुनाव हार गए हैं।

पंजाब का चुनाव परिणाम, कुल सीटें- 117

वहीं, पंजाब में तमाम सत्ता समीकरणों को ध्वस्त करते हुए नये राजनीतिक प्रयोग करने वाली आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए राज्य विधानसभा की 117 सीटों में से 92 सीटों पर कब्जा कर लिया हैं। इसके साथ ही राज्य में आप पार्टी ने कांग्रेस और अकाली दल का वर्चस्व खत्म कर दिया है। सत्तारूढ़ कांग्रेस को महज 18 सीटें मिली हैं।

शिरोमणि अकाली दल को सिर्फ तीन सीटों पर संतोष करना पड़ा है। भाजपा को दो विधानसभा क्षेत्रों में जीत मिली है। बहुजन समाज पार्टी को एक सीट पर सफलता मिली है। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। यहां आप के लोकसभा सांसद भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के कई दिग्गजों को धूल चटा दी।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब सीट पर आप पार्टी के चरणजीत सिंह से 7942 मतों से तथा भदौर विधानसभा सीट पर आप पार्टी के लाभसिंह उगोके से 37 हजार 558 वोट से पराजित हुए हैं। कांग्रेस से अलग होकर नयी पंजाब लोक कांग्रेस बनाने वाले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला सीट से आम आदमी पार्टी के अजीत पाल कोहली 19 हजार 873 वोट से पराजित हुए हैं।

आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धुरी विधानसभा सीट से 58 हजार 206 मतों से जीतें हैं जबकि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्वी सीट पर हार गए हैं तथा शिरोमणि अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल लम्बी सीट से आप उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुदीयां से पराजित हुए हैं।

गोवा- कुल सीटें- 40 

इसके अलावा गोवा विधानसभा की 40 सीटों में से 20 सीटों पर भाजपा ने विजय पताका फहराया है जबकि कांग्रेस ने 11 सीटों पर विजय हासिल की है। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और आम आदमी पार्टी ने दो-दो सीटों तथा गोवा फारवर्ड पार्टी और रेवोल्यूशनरी गोवन पार्टी ने एक-एक सीट पर कब्जा कर लिया है। निर्दलियों के हिस्से तीन सीटें आई हैं। मुख्यमंत्री प्रमोद सामंत अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे हैं।

मणिपुर- कुल 60 सीटें

वहीं, मणिपुर की 60 सीटों में से भाजपा ने 32 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं नेशनल पीपुल्स पार्टी ने सात सीटें जीतीं हैं । जनता दल यूनाइटेड ने छह और कांग्रेस तथा नगा पीपुल्स फ्रंट ने पांच-पांच सीटें जीती हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपनी हिगांग सीट पर 18 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की है।