पंजाब पुलिस में नई भर्तियों का हुआ ऐलान, सीएम भगवंत मान ने ट्विटर पर दी जानकारी

पंजाब की मान सरकार ने आज पुलिस विभाग में नई भर्तियां करने का ऐलान किया है। पुलिस विभाग में नई भर्तियां की जानकारी सीएम भगवंत मान ने ट्विटर पर ट्वीट करके दी।

उन्होंने भर्ती प्रकिया की पूरी जानकारी बताई है। इसके साथ उन्होंने लिखा कि बीते दिनों 4374 कॉन्स्टेबलों को नियुक्ति पत्र दिए थे। अब पुलिस महकमे में नई भर्तियां करने जा रहे हैं।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि सभी भर्तियां योग्यता के आधार पर, बिना रिश्वत या सिफारिश के की जाएगी। युवाओं को रोजगार देना हमारा पहला लक्ष्य है।

14 अक्टूबर 2022 को इंटेलिजेंस और जांच कैडर में कॉन्स्टेबल के 1156 पदों के लिए परीक्षा होगी। 15 अक्टूबर 2022 को जांच कैडर में हेड कॉन्स्टेबल के 787 पदों के लिए परीक्षा होगी। 16 अक्टूबर 2022 को जांच/इंटेलिजेंस/जिला व आर्म्ड पुलिस कैडर में सब-इंस्पेक्टर के 560 पदों के लिए परीक्षा होगी।