पंजाब की सड़क से हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज परेशान, CM भगवंत मान को चिट्‌ठी लिखकर कही ये बात

anil_mann

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज पंजाब की एक सड़क से काफी परेशान हैं। उनकी यह परेशानी अब इतनी बढ़ गई है कि उन्हें मजबूर होकर पंजाब के CM भगवंत मान को चिट्‌ठी लिखी है। इसमें उन्होंने उम्मीद जताई कि CM मान उनकी बात जरूर मानेंगे।

दरअसल, गृह मंत्री विज पंजाब के मोहाली जिले की जीरकपुर रोड से परेशान हैं। उन्होंने सीएम भगवंत मान को कहा कि रामगढ़ से डेराबस्सी जाने वाली सड़क को फोर लेन किया जाए। इस सड़क पर अक्सर जाम लगा रहता है।

वहीं, पत्र में अनिल विज ने लिखा है, “डेरा बस्सी से रामगढ़ बहुत व्यस्त सड़क है। यहां ट्रैफिक बहुत होता है और सड़क की हालत बहुत खराब है। जिन लोगों को डेराबस्सी से होकर चंडीगढ़ या पंचकूला जाता पड़ता है, वे इस सड़क से वाया रामगढ़ होकर पंचकूला, चंडीगढ़ पहुंचते हैं। इस रास्ते में खास तौर पर जीरकपुर में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। यह सड़क संकरी और टूटी होने के कारण जो लोग यहां से गुजरते हैं, उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।”

इसके साथ ही, हरियाणा के गृहमंत्री ने CM भगवंत मान से अनुरोध किया है कि डेरा बस्सी से वाया रामगढ़ होकर चंडीगढ़-पंचकूला जाने वाले लोगों की दिक्कत को समझें। इस सड़क को फोर लेन बनाएं। इससे आम लोगों को चंडीगढ़ और पंचकूला जाने में असुविधा नहीं होगी।