AAP नेता सुशील गुप्ता और अनुराग ढांडा समेत कई कार्यकर्ता लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

AAP नेता सुशील गुप्ता और अनुराग ढांडा समेत कई कार्यकर्ता लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

आम आदमी पार्टी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के विरोध में देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में हरियाणा के कुरूक्षेत्र में भी प्रदर्शन हुआ। मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास के बाहर AAP कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। जिससे सैंकड़ों कार्यकर्ताओं समेत प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा को भी गहरी चोटें आईं। दोनों नेताओं समेत सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया है।

देशभर में आम आदमी का प्रदर्शन

बता दें कि गुरूवार रात अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में केंद्र सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। जिसे लेकर देशभर में कार्यकर्त्ता अपने नेता की गिरफ्तारी के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। कुरूक्षेत्र में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता की अध्यक्षता में प्रदेश की भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

घायल होने से पूर्व AAP प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता ने बताया कि आम आदमी पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज हुआ है। उन्हें गहरी चोटें आई है। पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा को भी गहरी चोटें आई हैं। पुलिस ने वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जब भी डरते हैं तो पुलिस को आगे करते हैं। आज भी ऐसा ही हुआ है।