पंजाब में हीट वेव के कारण छत पर कपड़े सुखा रही महिला की मौत, गर्मी ने ली 4 और लोगों की जान

पंजाब में हीट वेव के कारण छत पर कपड़े सुखा रही महिला की मौत, गर्मी ने ली 4 और लोगों की जान

पंजाब समेत उत्तर भारत में आसमान से बरस रही आग ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले दिनों राज्य के अलग-अलग जिलों में गर्मी के कारण 4 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी।

पंजाब में तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। गर्मी के कारण कई लोग बीमार पड़ रहे हैं और इलाज के लिए सिविल अस्पताल या निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।

बठिंडा में गर्मी के कारण 2 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर एक रेल यात्री बेहोश पड़ा था।

सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड टीम के संदीप गिल एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में रेल यात्री को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान विजय कुमार पुत्र समीर चंद निवासी लखनऊ के रूप में हुई। इसी तरह बठिंडा-मानसा रोड पर काली माता मंदिर के पास पार्क में नशे में धुत एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मृतक के पास कोई दस्तावेज नहीं होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई। फिलहाल मृतक के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

फाजिल्का के गली जंगियाना निवासी आशा गुप्ता पत्नी रविंदर गुप्ता (सर्वेयर) अपने घर की छत पर कपड़े सुखा रही थी कि गर्मी के कारण उसे चक्कर आ गया और वह छत से फर्श पर गिर गई। जिसे अस्पताल ले जाया गया।

कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव खांबरा के मोहल्ला बाजीगर में दीवार पर बैठा एक व्यक्ति मिला। थाना सदर के फतेहपुर सब-स्टेशन में तैनात ए.आई. नारायण गौड़ ने मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया।

हालांकि उनका कहना है कि मृतक के शरीर पर कोई निशान नहीं मिले हैं। इसके साथ ही पुलिस को उसके पास से कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है, जिसके कारण शव की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष लग रही है।