4 राज्यों में बीजेपी के शानदार प्रदर्शन पर पीएम मोदी बोले- 2022 के चुनाव परिणाम ने तय कर दिए 2024 के नतीजे

5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में सत्ता में वापसी करती दिख रही भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को पार्टी के इस प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन मॉडल को श्रेय दिया और कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ‘नया इतिहास’ रचा जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में बीजेपी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

आज उत्साह का दिन है, उत्सव का दिन है। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।पूरी पार्टी और कार्यकर्ताओं का जिन्होंने नेतृत्व और मार्गदर्शन किया, ऐसे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमान जगत प्रकाश नड्डा जी का भी मैं बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं और बधाई देता हूं। पार्टी के हर छोटे-मोटे कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से आज एनडीए ने जीत का चौका लगाया है। यूपी ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। यूपी में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार आई है।

सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य, मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त एक राज्य और पूर्वोत्तर सीमा पर एक राज्य, भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है।इन राज्यों की चुनौतियों भिन्न हैं, सबकी विकास यात्रा का मार्ग भिन्न है, लेकिन सबको जो बात एक सूत्र में पिरो रही है, वो है- भाजपा पर विश्वास, भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर अपार विश्वास।

आज मैं देश की महिलाओं- हमारी बहनों-बेटियों को भी नमन करता हूं। चुनाव के नतीजों में माताओं-बहनों-बेटियों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। ये हमारा सौभाग्य है कि भाजपा को माताओं-बहनों-बेटियों का इतना स्नेह मिला है, इतना आशीर्वाद मिला है।

पंजाब में भाजपा एक शक्ति के रूप में उभर रही है, ये मैं स्पष्ट देख रहा हूं। मैं आज पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी विशेष प्रशंसा करूंगा, उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में जिस प्रकार पार्टी का झंडा बुलंद किया है, वो आने वाले समय में पंजाब की मजबूती को, देश की मजबूती को एक अहम स्थान के रूप में विकसित करेंगे।

मैं बनारस का सांसद होने के नाते, मेरे अनुभव से कह सकता हूं, यूपी के लोग ये बात समझ चुके हैं कि जाति को बदनाम करने वालों से, सम्प्रदाय को बदनाम करने वालों से अब दूर रहना है और राज्य के विकास को ही सर्वोच्च प्राथमिकता देनी है। हमें जुट जाना है, एक पल भी गंवाना नहीं है, चुनौतियां कितनी ही कठिन क्यों न हों,लेकिन जीतने का संकल्प उससे भी बड़ा होता है। बड़े संकल्पों के साथ, बड़े सपनों के साथ, हर ऊंचाई को पार करने के इरादों के साथ देश को आगे बढ़ाना है। इतनी बड़ी भव्य विजय, भारत के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।