हिमाचल सीएम जयराम ठाकुर ने किया कांगड़ा में भगवान परशुराम संस्कृति भवन का शिलान्यास

हिमाचल सीएम जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिले के कांगड़ा बाईपास के समीप 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले भगवान परशुराम संस्कृति भवन का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने हमेशा ही कमजोर वर्ग के उत्पीड़न और उनके साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम शास्त्र और शस्त्र दोनों के ज्ञाता थे। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने असहाय और शक्तिहीन की रक्षा के लिए भगवान परशुराम को परशु प्रदान किया था और उसके बाद उनका नामकरण परशुराम हुआ।

जय राम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को अक्षय तृतीया की भी बधाई देते हुए कहा कि हिन्दू पौराणिक कथाओं के अनुसार अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगा नदी स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं और महाभारत का युद्ध संपन्न हुआ था।

मुख्यमंत्री ने इस भवन निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस भवन निर्माण के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने लोगों से इस भवन निर्माण के लिए उदारता से योगदान करने का भी आग्रह किया।