हिमाचल में 4 अक्टूबर से मौसम फिर लेगा करवट, 2 दिन बारिश की चेतावनी

हिमाचल में मानसून अभी और जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन 4 अक्टूबर से मौसम फिर करवट बदलेगा।

उन्होंने बताया कि 6 और 7 अक्टूबर को ज्यादा बारिश की संभावना बन रही है। इसके बाद ही मानसून हिमाचल से लौटेगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल सहित उत्तराखंड में भी अभी मानसून सक्रिय है।

प्रदेश में इस बार मानसून की एंट्री 29 जून को हुई थी। 95 दिनों के मानसून में 55 से ज्यादा दिन प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 29 जून से 29 सितंबर तक इस बार 716.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से मात्र 2 फीसदी कम है।