हिमाचल प्रदेश बोर्ड के 12वीं के नतीजे जारी, बेटियों ने मारी बाजी

हिमाचल प्रदेश बोर्ड के 12वीं के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। जो स्टूडेंट्स इस परीक्षा में शामिल हुए थे, वह आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाकर रिजल्ट चेक कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश कुमार सोनी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके 12वीं के नतीजे घोषित किए हैं।

टर्म 2 की ये परीक्षा इसी साल मार्च-अप्रैल 2022 में आयोजित हुई थी। वहीं टर्म 1 की परीक्षा 18 नवंबर से 9 दिसंबर 2021 तक आयोजित की गई थीं। टर्म 1 के रिजल्ट 8 फरवरी 2022 को शाम 4 बजे घोषित किए गए थे। स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी के मुताबिक, 12वीं कक्षा की परीक्षा में 88013 छात्र बैठे थे। इसमें 44851 छात्र और 43162 छात्राएं हैं।

उन्होंने बताया कि 82342 स्टूडेंट्स पास और 1889 फेल हुए हैं। 3379 स्टूडेंट्स की कंपार्टमेंट आई है और 327 अनुपस्थित रहे हैं। इस बार के नतीजे 93.90 प्रतिशत रहे हैं। क्षितिज, शगुन और अक्षिता ने साइंस में प्रदेशभर में टॉप किया है। तीनों ने 98.6% (493/500) अंक हासिल किए हैं।