हरियाणा में 28 नगर पालिकाओं के चुनाव नतीजे आज, मतगणना जारी

हरियाणा में 28 नगर पालिकाओं में चुनाव मतगणना शुरू हो गई है। 10 बजे से रुझान आने शुरू हो जाएंगे। मतगणना केंद्रों पर बाहर कड़े सुरक्षा प्रबंध हैं। वहीं प्रत्याशियों के समर्थक भी काउंटिंग सेंटर के बाहर जुटे हुए हैं।

19 जून को वोटिंग हुई थी। सभी नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के कुल 221 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा। सभी पालिकाओं में कुल 5 लाख 70 हजार 208 मतदाता हैं। इनमें 3 लाख 1 हजार 677 पुरुष और 2 लाख 68 हजार 517 महिलाएं। वहीं, 14 ट्रांसजेंडर वोटर भी शामिल हैं।

नगरपालिका के लिए कुल 671 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, इनमें से 144 संवेदनशील और 92 अतिसंवेदनशील हैं। इन पोलिंग बूथों पर 3355 मतदान कर्मचारी, 69 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 5206 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को तैनात किया गया था।

28 नगर पालिकाओं के कुल 432 वार्ड हैं। अध्यक्ष पद के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, इनमें से 128 पुरुष और 93 महिलाएं हैं। वहीं 432 पार्षदों में से 33 को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। बचे 399 वार्डों में 1301 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, इनमें 783 पुरुष और 518 महिलाएं शामिल हैं।