हरियाणा बोर्ड ने जारी किया 10वीं का परिणाम, 73.18 प्रतिशत बच्चे हुए पास

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अप्रैल-2022 में हुई सेकेंडरी (10वीं) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम 73.18 फीसदी रहा है और स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 92.96 फीसदी रहा है।

भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह और बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि 10वीं में लड़कियों का पास प्रतिशत 76.26 और लड़कों का पास प्रतिशत 70.56 रहा। लड़कियों की पास प्रतिशतता लड़कों से 5.70% ज्यादा रही।

10वीं में भिवानी के ईशरवाल स्थित ईशरवाल पब्लिक स्कूल की स्टूडेंट अमीषा ने 499 अंक लेकर राज्य में टॉप किया। प्रज्ञा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रीना, भांडवा, चरखी दादरी सुनैना, गीता विद्या मन्दिर हाई स्कूल, उचाना मंडी, जीन्द की खुशी और सैनिक पब्लिक हाई स्कूल, सिशमोर, कैथल की मंजू 497 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।

डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि दसवीं की परीक्षा में 3 लाख 26 हजार 487 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। इनमें से 2 लाख 38 हजार 932 बच्चे पास हुए हैं। 19,679 परीक्षार्थियों की कम्पार्टमेंट आयी हैं। परीक्षा में 1 लाख 76 हजार 168 लड़कों में से 1 लाख 24 हजार 303 पास हुए हैं। इसी प्रकार 1 लाख 50 हजार 319 छात्राओं में से 1 लाख 14 हजार 629 पास हुई।