हरियाणा के सोनीपत में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत, 6 घायल

हरियाणा के सोनीपत में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सोनीपत में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई है। जबकि छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची है।

जानकारी के अनुसार, सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 44 पर गांव गढ़ी कलां गन्नौर थाना इलाके में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बोलेरो ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।

दर्दनाक हादसे में पिकअप बोलेरो में सवार तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। गन्नौर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस मृतकों की पहचान के प्रयास कर रही है।