पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में 2 और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी रइया और मनदीप तूफान को गिरफ्तार किया है।
मनी रइया की गिरफ्तारी शुक्रवार सुबह अजनाला रोड स्थित गांव कुक्कड़ावाला और मनदीप तूफान को जंडियाला गुरु के गांव जंडियाला गुरु व तरनतारन के बीच में पड़ते गांव खख से गिरफ्तार किया गया।
रात को ही अमृतसर रूरल पुलिस को मनी रइया के कुक्कड़ावाला और मनदीप तूफान के जंडियाला गुरु के पास गांव खख में छिपे होने की जानकारी मिल गई थी। सुबह 3 से 5 बजे के बीच पुलिस ने प्लानिंग करके मनी रइया और मनदीप तूफान दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि मनी रइया और मनदीप तूफान ने गैंगस्टर राणा कंधोवालिया का भी कत्ल किया था। पुलिस उन्हें पिछले डेढ़ वर्ष से ढूंढ रही है। इनका नाम मूसेवाला कत्लकांड में भी सामने आया था। मूसेवाला हत्याकांड के दिन घटनास्थल पर मनी रइया भी मौजूद था।
खबरों की मानें तो गोल्डी बराड़ ने जग्गू भगवानपुरिया के खास बताए जाने वाले मनी रइया, मनदीप तूफान और रंजीत को स्टैंडबॉय पर रखा था। इन्हें जगरूप उर्फ रूपा और मनप्रीत मन्नू को कवर देने के लिए कहा गया था।