श्री माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में मची भगदड़, हादसे में 12 लोगों की मौत और 16 घायल, नए साल पर भारी संख्या में जुटे थे श्रद्धालु

नए साल की पहली ही सुबह माता वैष्णो देवी मंदिर से दुखद खबर मिली है। मंदिर परिसर में सुबह 2:45 बजे मची भगदड़ के चलते 12 लोगों की मौत हो गई है, इसके अलावा 16 लोग जख्मी हैं। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि यह हादसा तड़के 2:45 बजे हुआ।

उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स में हमें यह पता चला है कि कुछ लोगों के बीच बहस हुई थी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद लोग भागने लगे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। फिलहाल वैष्णो देवी यात्रा की एक बार फिर से शुरुआत कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचने वाले हैं ।

वैष्णो देवी मंदिर श्राइन बोर्ड ने हादसे के पीड़ितों के परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। श्राइन की बोर्ड से जारी 01991234804 और 01991234053 नंबरों पर कॉल करके अपने परिचित या परिवार के लोगों की स्थिति जानी जा सकती है। जिला प्रशासन की ओर से ये नंबर जारी किए गए हैं।

पीसीआर कटरा 01991-232010/ 9419145182, पीसीआर रियासी 01991245076/ 9622856295; रियासी कंट्रोल रूम 01991-245763/ 9419839557

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया है कि माता वैष्णो देवी भवन में कुछ श्रद्धालुओं के बीच झड़प के कारण संतुलन बिगड़ने से भगदड़ मची थी और इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि नव वर्ष के कारण भवन में जाने वालों की भीड़ बढ़ गई थी और ढलान पर कुछ श्रद्धालुओं के बीच झड़प के कारण संतुलन बिगड़ने से लोग एक दूसरे पर गिरते चले गए। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और स्वयं प्रधानमंत्री इस मामले में संपर्क बनाए हुए हैं तथा स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब वहां पर स्थिति सामान्य हो रही है और व्यवस्था बनाकर सभी श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी तथा किसी को भी वापस नहीं लौटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके उपचार में किसी तरह की कमी नहीं रखी जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने एक ट्वीट कर कहा, ‘माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है।

इस संबंध में मैंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जी से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी वैष्णो देवी मंदिर में हुई घटना पर गहरी संवेदना जाहिर की है। राष्ट्रपति ने भगदड़ में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

पीएम मोदी ने लिया स्थिति का जायजा

पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, ‘’माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति का जायज़ा लिया.’’