श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा के मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, सुरक्षा के विशेष इंतजाम

Janmashtami

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आने वाला हर तीर्थयात्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मंदिरों में अभिषेक और दर्शन करने के लिए लालाइत रहता है और इसीलिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर तीर्थयात्रियों के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है।

जन्माष्टमी पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम…

आपको बता दें कि जन्माष्टमी पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए है। मंदिरों में जेब कटी आदि की घटना को रोकने के लिए सादे वेश में भी पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। शहर के अन्दर बाहरी वाहन का प्रवेश रोकने के लिए प्रत्येक प्रवेश मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए जन्मस्थान के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर जहां जूता एवं सामान घर बनाया गया है वहीं जन्मस्थान के गेट नम्बर 1 के पास खोया पाया केन्द्र बनाया गया है।

दरअसल, श्रीकृष्ण जन्मस्थान का प्रबन्ध तंत्र भी तीर्थयात्रियों को हर सुविधा देने का प्रयास कर रहा है। वहीं, इस बार जन्माष्टमी पर जन्म के अभिषेक में भाग लेने आए प्रत्येक भक्त को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

बता दें कि कोविड -19 के दौरान भक्तों में प्रसाद का वितरण बन्द कर दिया गया था। श्रीकृष्ण जन्मस्थान बिजली अनोखी सजावट से नई नवेली दुल्हन की तरह सज गया है तो जन्मस्थान पर धार्मिक कार्यों की श्रंखला सी बन गई है।