लखनऊ : ट्रक ने मारी ट्रॉली को जोरदार टक्कर, 10 लोगों की हुई मौत…

लखनऊ के इटौंजा के असनहा गद्दीपुरवा में तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में मुंडन कराने जा रहे लोगों सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई। हादसे में सभी डूब गये। जिलाधिकारी लखनऊ ने अब तक 10 मौतों की पुष्टि की है। पुलिस ने गोताखोरों व स्थानीय लोगों की मदद से 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। कई शव बाहर निकाले गए हैं। रेस्क्यू कार्य जारी है। मृतकों में आठ महिलाएं दो बच्चे शामिल है। मृतकों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से चार-चार लाख की सहायता देने की घोषणा की गई है।

सीतापुर के अटरिया स्थित तिकौली गांव के चुन्नीलाल उर्फ चुन्नन के बेटे का मुंडन संस्कार था। नवरात्रि के पहले दिन इटौंजा के ऊनई देवी मंदिर में मुंडन होना था। इसके लिए पूरा परिवार रिश्तेदारों व परिचितों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर मंदिर जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली असनहा के गद्दीपुरवा गांव के पास पहुंची थी। इसी बीच बेहटा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे सड़क किनारे बड़े तालाब में जा गिरी।