महिलाओं को LG का तोहफा, दिल्ली में सभी सब रजिस्ट्रार महिलाएं होंगी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब सब-रजिस्ट्रार के पद पर केवल महिलाएं होंगी, क्योंकि LG वीके सक्सेना ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को महिला अधिकारियों की नियुक्ति का निर्देश दिया है।

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को इस पद पर महिला अधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया है। इस कदम का मतलब यह होगा कि पहली बार दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग में सभी 22 सब-रजिस्ट्रार महिला अधिकारी होंगी। उपराज्यपाल कार्यालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि उम्मीद है कि महिला अधिकारियों के नेतृत्व से इस तरह के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार, लालफीताशाही और लोगों की परेशानी कम होगी। एलजी सचिवालय के अनुसार पद संभालने के बाद सक्सेना ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को महत्वपूर्ण पदों पर तैनात कर उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह परिकल्पना की थी कि दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग के सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों का नेतृत्व महिला अधिकारी करें। उपराज्यपाल ने रेखांकित किया है कि यह कदम अधिक संवेदनशील, भ्रष्टाचार मुक्त और सहानुभूतिपूर्ण सार्वजनिक व्यवहार भी सुनिश्चित करेगा।