महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के सदस्य रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के सदस्य फरवरी के पहले हफ्ते में अयोध्या की यात्रा करेंगे और वहां के नव निर्मित राम मंदिर में प्रार्थना करेंगे। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा पांच फरवरी को होने की संभावना है।

महाराष्ट्र सरकार के मंत्रिपरिषद में कुल मंत्रियों की संख्या 29 है जिनमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार शामिल हैं।

अयोध्या स्थित मंदिर में श्री रामलला के नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा गत सोमवार को की गई थी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व खुद प्रधानमंत्री मोदी ने किया था।

प्राण प्रतिष्ठा के एक दिन बाद भव्य मंदिर के कपाट जनता के लिए खोल दिये गये।

इसके पहले शिंदे ने रविवार को कहा था कि उनकी योजना अपने मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों, राज्य के विधायकों और लोकसभा सांसदों को दर्शन के लिए अयोध्या स्थित राम मंदिर ले जाने की है। उन्होंने कहा था कि इसलिए वह 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होंगे।

फडणवीस ने भी संवाददाताओं से कहा था कि वह फरवरी में राम मंदिर में दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे।