महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल और प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने आज सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुए नेताओं ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन से राष्ट्रपति भवन के लिए मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और हिरासत में ले लिया।

पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता इसी के लिए कांग्रेस मुख्यालय में जमा हुए थे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी प्रधानमंत्री आवास के घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ‘24 अकबर रोड’ स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं, जहां से उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए जाने से पहले वह कुछ देर तक सड़क पर ही धरने पर बैठ गई थीं।

हिरासत में लिए जाने से पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘इस तानाशाह सरकार को डर लग रहा है। भारत के हालत से, कमरतोड़ महंगाई और ऐतिहासिक बेरोजगारी से, अपनी नीतियों से लाई बर्बादी से। जो सच्चाई से डरता है, वो ही आवाज उठाने वालों को धमकाता है!’