पीएम मोदी ने नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का किया अनावरण, कहा- आज भारत आजादी के बाद की गलतियों को सुधार रहा है

PM नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके पर रविवार शाम इंडिया गेट पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। PM मोदी ने कहा कि ये दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद देश की संस्कृति और संस्कारों के साथ ही अनेक महान व्यक्तित्वों के योगदान को मिटाने का काम किया गया। आज आजादी के दशकों बाद देश उन गलतियों को डंके की चोट पर सुधार रहा है।

मोदी ने कहा- हमारी सरकार को नेताजी से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने का अवसर मिला। नेताजी कुछ ठान लेते थे तो उन्हें कोई ताकत नहीं रोक पाती थी। हमें उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना है। आजादी के अमृत महोत्सव का संकल्प है कि भारत अपनी पहचान और प्रेरणाओं को पुनर्जीवित करेगा।

PM मोदी ने कहा कि यह कालखंड ऐतिहासिक है। यह स्थान जहां हम मौजूद हैं, यह भी ऐतिहासिक है। आज हम इंडिया गेट पर अमृत महोत्सव मना रहे हैं। नेताजी की भव्य प्रतिमा डिजिटल स्वरूप में इंडिया गेट पर स्थापित हो रही है। जल्द ही इसकी जगह ग्रेनाइट की विशाल प्रतिमा लगेगी। यह प्रतिमा आजादी के महानायक को कृतज्ञ राष्ट्र की श्रद्धांजलि है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल से देश ने नेताजी की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाना शुरू किया। आज पराक्रम दिवस पर आपदा प्रबंधन पुरस्कार दिए गए। इसकी प्रेरणा नेताजी के जीवन से ली गई है।