पीएम मोदी ने इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का किया अनावरण

पीएम मोदी ने आज इंडिया गेट के पास नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया। बता दें कि इंडिया गेट करीब डेढ़ साल से ज्यादा समय से आम जनता के लिए बंद था। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट की वजह से इंडिया गेट और आसपास की जगह को बंद कर दिया गया था, जिसे आज उद्घाटन के बाद आम लोगों के लिए खोल दिया गया।

पीएम मोदी ने गुरुवार शाम 7 बजे दिल्ली में सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन कर दिया। उद्घाटन के साथ ही आज से राजपथ कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा। पीएम मोदी ने सबसे पहले इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की ग्रेनाइट की 28 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया।

अबतक इस प्रतिमा की जगह होलोग्राम की मूर्ति थी। सुभाष चंद्रबोस की इस प्रतिमा की ऊंचाई 28 फीट है, इसका वज़न 65 मीट्रिक टन है। जिस स्टोन को तराश कर ये प्रतिमा बनाई गई है, उस ग्रेनाइट के टुकड़े को तेलंगाना के खम्मम से नई दिल्ली लाया गया था।