पंजाब सरकार ने जारी किया व्हाइट पेपर, कर्ज 3 लाख 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक हुआ

पंजाब सरकार ने शनिवार को राज्य पर चढ़े कर्ज का लेखा-जोखा व्हाइट पेपर के रूप में पेश किया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश व्हाइट पेपर के अनुसार पंजाब बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों का 3 लाख 13 हजार करोड़ रुपए का देनदार है।

2 लाख 63 हजार करोड़ रुपए का कर्ज सीधे सरकार ने ले रखा है और करीब 50 हजार करोड़ रुपए का कर्ज सरकार के 25 बोर्ड-कॉर्पोरेशंस ने लिया हुआ है।

बीते साल राज्य का बजट 1 लाख 68 हजार करोड़ रुपए का था और अब कर्ज 3 लाख 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। ये कर्ज राज्य के कुल सकल घरेलू उत्पाद का 45.88 फीसदी है।

खर्च चलाने के लिए मान सरकार करीब 10 हजार करोड़ रुपए का नया कर्ज लेगी। फिस्कल रिस्पांसबिलिटी एंड बजट मैनेजमेंट एक्ट 2003 के अनुसार राज्यों को रेवेन्यू न्यूट्रल या रेवेन्यू सरप्लस बजट के अनुसार चलना चाहिए लेकिन पंजाब 15 साल से रेवेन्यू डेफिसिट के साथ चल रहा है।