पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और शिअद नेता निर्मल सिंह काहलों का निधन, सुखबीर सिंह बादल और कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जताया दुख

Nirmal Singh Kahlon

पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता निर्मल सिंह काहलों का शनिवार को निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।

इसकी जानकारी देते हुए अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने ट्वीट किया, “निर्मल सिंह काहलों का अंतिम संस्कार 17 जुलाई को गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां के पास दादूजोध गांव में किया जाएगा।”

वहीं, निर्मल सिंह काहलों के निधन पर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ”वरिष्ठ अकाली नेता और पंजाब के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एस. निर्मल सिंह जी काहलों के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। काहलों साहब हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत थे। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मैं काहलों के परिवार के साथ खड़ा हूं।”

इसके अलावा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी काहलों के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया – “पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष निर्मल सिंह काहलों जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मैं हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।”

बता दें कि निर्मल सिंह काहलों 1997 से 2002 तक शिअद सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री थे। वह 2007 से 2012 तक पंजाब विधानसभा अध्यक्ष रहे।