पंजाब में रविवार को भी खुले रहेंगे सेवा केंद्र, CM मान ने जारी किए आदेश…

मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेश पर पंजाब सरकार ने राज्य भर के सभी 320 सेवा केंद्रों और 506 सांझ केंद्रों के समय में वृद्धि कर दी है। अब यह केंद्र रविवार को भी खुलेंगे। यह फैसला आगामी 15 अप्रैल से लागू हो जाएगा। मान ने कहा कि यह कदम लोगों को सुचारु ढंग से और नागरिक केंद्रित सेवाओं को समय पर मुहैया करवाने में मददगार साबित होगा।

वहीं सभी जिला मुख्यालयों, सब-डिविजनों और पुलिस थानों के स्तर पर सांझ केंद्र स्थापित हैं। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक, राज्य के सेवा केंद्रों और सांझ केंद्रों का समय सोमवार से शुक्रवार तक दो घंटे बढ़ा दिया गया है और यह केंद्र अब सुबह 8 से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि इस समय इन केंद्रों का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक है। सेवा केंद्र और सांझ केंद्र अब प्रत्येक रविवार को भी खुलेंगे और राज्य के नागरिक शनिवार और रविवार को भी सुबह 8 से शाम 4 बजे तक सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।