पंजाब में बढ़ रहे कोरोना के मामले, एक्टिव केस 130 हुए

पंजाब में कोरोना एक बार फिर से अपने पैर पसारने लगा है। प्रदेश में एक्टिव केस 130 हो गए है। वहीं शनिवार को 11,238 सैंपल लेकर 11,261 टेस्ट किए गए। इस दौरान 23 नए मरीज मिले। पॉजीटिविटी रेट 0.20% रहा।

मोहाली जिले में शनिवार को 2.88% के पॉजीटिविटी रेट के साथ 7 नए मरीज मिले। 1 अप्रैल से लेकर अब तक यहां 325 केस मिल चुके हैं। जिनमें एक मरीज की मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा जालंधर में शनिवार को 5 मरीज मिले। फाजिल्का में भी 4 मरीज मिले। यहां पॉजीटिविटी रेट 5.80% रहा।

पंजाब में पिछले करीब 2 महीने में 6 मरीज दम तोड़ चुके हैं। यह मौतें मोहाली, मोगा, गुरदासपुर, कपूरथला, लुधियाना और मानसा में हुई है। इस दौरान 1229 मरीज मिल चुके हैं। जिनमें से 1176 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।