पंजाब के होशियारपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चुनावी रैली, कहा- सिखों का बलिदान नहीं भूल सकता देश

पंजाब के होशियारपुर की चुनावी रैली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर बरसे। राजनाथ ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में जो कहा, उससे बेहद पीड़ा हुई। राहुल ने इतिहास को तोड़ने की कोशिश की। राहुल ने आरोप लगाया था कि हमारी गलत विदेश नीतियों के कारण पाकिस्तान और चीन के बीच दोस्ती हुई।

राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि कानून बनाए। कुछ किसान संगठन सहमत नहीं थे। सहमति नहीं बनी तो PM ने इन्हें वापस ले लिया। PM ने शासक नहीं सेवक की भूमिका निभाई है। अब भी बजट में 2.37 लाख करोड़ से MSP पर गेहूं धान खरीदने की व्यवस्था की गई है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र में NDA की सरकार बनी, लेकिन पंजाब में कभी भाजपा को नेतृत्व का मौका नहीं मिला। उन्होंने इस बार सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि नशा बेचने वालों की खाट खड़ी कर देंगे।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती पवित्र है। अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब के छत्र पर भारत की संस्कृति की चमक देखी जा सकती है। कुछ ताकतें भाईचारे को तोड़ना चाहती हैं, लेकिन हमें श्री गुरुनानक देव जी का संदेश याद रखना है। उन्होंने कहा कि देश कभी सिखों का बलिदान नहीं भूल सकता। उनका हौसला देख हमारा सीना चौड़ा हो जाता है। सबसे ज्यादा बलिदान सिख समाज ने दिया है।