पंजाब एक बार फिर बड़े लेवल पर अधिकारियों का तबादला, जानें किसको मिला क्या प्रभार

पंजाब में भगवंत मान की सरकार बनने के बाद से ही अधिकारियों के तबादले का दौर जारी है। पंजाब सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के सात और भारतीय पुलिस सेवा के 9 अधिकारियों का तबादला कर दिया।

राज्य सरकार ने सात उपायुक्तों का तबादला किया है। इसके अलावा एक विशेष पुलिस महानिदेशक और छह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के नए पदस्थापन आदेश दिए गए हैं।

आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी विनीत कुमार मुक्तसर के नए उपायुक्त होंगे, जबकि सुरभि मलिक को वरिंदर कुमार के स्थान पर लुधियाना का उपायुक्त बनाया गया है। विशेष सारंगल को कपूरथला के उपायुक्त का प्रभार दिया गया है जबकि एनपीएस रंधावा को एसबीएस नगर के उपायुक्त होंगे।

परनीत शेरगिल को फतेहगढ़ साहिब का डीसी नियुक्त किया गया है जबकि अमृत सिंह को डीसी फिरोजपुर लगाया गया है। मोहनीश कुमार को तरनतारन के जिलाधिकारी का प्रभार दिया गया है। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों में बी के उप्पल को विशेष पुलिस महानिदेशक(लोकपाल-जांच) नियुक्त किया गया है।

एक अन्य आदेश में कहा गया है कि 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है जबकि उन्हें मुख्यमंत्री के विशेष प्रधान सचिव का प्रभार सौंपा गया है।