नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से ED की पूछताछ, दिल्ली में आज इन रास्तों पर जाने से बचें…

delhi traffc

दिल्ली में ऑफिस जाने वालों को आज कई जगह पर ट्रैफिक जाम या रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आज सोनिया गांधी से पूछताछ करेगा।

वहीं, इसके विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी और इसके चलते आपको कई रास्तों में परेशानी झेलनी पड़ सकती है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

9-2 तक इन रास्तों पर जाने से बचें…

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि पेड़ गिरने के कारण किर्बी प्लेस रेडलाइट से सदर बाजार दिल्ली कैंट की ओर जाने वाले कैरिजवे पर यातायात प्रभावित है। कृपया यहां जाने से बचें।

वहीं, गुरुवार को नौ बजे से दो बजे के बीच मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड पर जाने से बचें। विशेष व्यवस्था के चलते इन सड़कों पर आवागमन नहीं हो पाएगा।

इसके अलावा विशेष यातायात व्यवस्था के चलते नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड से आगे बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिज जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन पर सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक जाने से बचें। विशेष व्यवस्थाओं के चलते इन सड़कों पर भारी ट्रैफिक रहेगा।