देश में कोरोना के आए तीन लाख 37 हजार नए केस, ओमिक्रोन वेरिएंट के मामले 10 हजार पार

देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के तीन लाख 37 हजार 704 नए केस सामने आए हैं और 488 लोगों की मौत हो गई। वहीं, अबतक कोरोना के ओमिक्रोन वेरिएंट के 10 हजार 50 मामले सामने आ चुके हैं। देश में दैनिक पॉजिटिविटी रेट अब 17.22% है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 21 लाख 13 हजार 365 हो गई है। वहीं, इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 लाख 88 हजार 884 हो गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, कल दो लाख 42 हजार 676 लोग ठीक हुए, जिसके बाद अभी तक 3 करोड़ 63 लाख 1 हजार 482 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

अब तक वैक्सीन की 161 करोड़ 16 लाख 60 हजार 78 डोज़ दी जा चुकी हैं। देश में अब तक ओमिक्रोन वेरिएंट से 10 हजार 50 लोग संक्रमित हो चुके हैं। ज्यादा मामले महाराष्ट्र और राजधानी दिल्ली में हैं।