देश में ओमिक्रोन के अब तक आए 87 मामले, सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में आए केस

देश में ओमिक्रोन के मामले लगातार बढ़ रहे है। गुरुवार को 14 लोगों में कोरोना के नए वेरिएंट की पुष्टि हुई। इनमें कर्नाटक के पांच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और तेलंगाना के 4-4 और गुजरात के एक केस हैं। इसी के साथ देश में ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या 87 हो गई है।

इनमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 32 केस हैं। इनमें से 25 संक्रमण से उबर चुके हैं। ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच गुरुवार को केंद्रीय गृह सचिव ने समीक्षा बैठक की।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में अभी तक कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमिक्रोन’ के 10 मामले सामने आए हैं और उनमें से किसी की हालत ‘‘गंभीर’’ नहीं है।

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के ने कहा कि राज्य में ओमिक्रोन के पांच मामलों की पुष्टि हुई है। सभी पांच मरीजों ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ली हुई है। राज्य में अब तक 8 लोग ओमिक्रोन से संक्रमित हुए हैं।

तेलंगाना स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में चार लोगों में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई है। इनमें से तीन केन्या के हैं और एक भारतीय मूल के हैं।

ओमिक्रोन के कुल मामले – 87

महाराष्ट्र- 32

राजस्थान- 17

दिल्ली-10

कर्नाटक- 8

तेलंगाना- 7

केरल- 5

गुजरात- 5

पश्चिम बंगाल-1

आंध्र प्रदेश 1

चंडीगढ़-1