दिल्ली-NCR में बारिश के कारण गर्मी हुई छूमंतर, आज भी मौसम रहेगा सुहाना

दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों की शुक्रवार की सुबह सुहानी रही। बीते कल (बृहस्पतिवार) से ही दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश हो रही है जिसके कारण लोगों को एक बार फिर ठण्ड का एहसास होने लगा है। बारिश के कारण दिल्ली से लेकर नोएडा तक की सड़कें भीगी-भीगी नजर आई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार यानी 1 अप्रैल तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आस पास के इलाकों में मौसम ऐसे ही खुशनुमा रहने वाला है।

आज (शुक्रवार) की सुबह हुई बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। कई जगहों पर तापमान 30 डिग्री से भी कम पहुंच गया। बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर वाले लोगों के लिए वीकेंड पर मौसम सुहाना जरूर रहेगा लेकिन ऐसा ज्यादा दिन नहीं रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल से मौसम में बदलाव होगा और तापमान में फिर से बढ़ोत्तरी होगी।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 2 अप्रैल से मौसम की स्थिति साफ होनी शुरू हो जाएगी। इस दौरान 2 से 4 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 31- 32 और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री रह सकता है वहीं 7 अप्रैल को फिर से बारिश होने का अनुमान जताया गया है। जिससे अप्रैल का दूसरा सप्ताह भी सुहावना हो सकता है।