दिल्ली सीएम केजरीवाल और पंजाब CM भगवंत मान ने कुल्लू में निकाला रोड शो

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज हिमाचल दौरे पर हैं। दोनों नेताओं ने आज कुल्लू में रोड शो किया। केजरीवाल ने कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में तिरंगा यात्रा का आगाज किया।

इस मौके पर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा- हिमाचल प्रदेश का कई हजार करोड़ रुपए का बजट है, लेकिन पिछले 20 साल में यहां एक भी नया सरकारी स्कूल, सड़क, डिस्पेंसरी, सरकारी अस्पताल बना? तो ये सारा पैसा कहां जाता है? एक बार कांग्रेसियों की जेब में गया और एक बार भाजपा की जेब में गया।

वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा- सबसे पहले दिल्ली वालों ने इंजन बदला और लेटेस्ट मॉडल केजरीवाल को चुना तो दिल्ली के विकास की गाड़ी पटरी पर आ गई। अब पंजाब की बारी है। हर राज्य कह रहा है कि AAP की सरकार हमारे यहां होनी चाहिए।

हिमाचल प्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के चलते केजरीवाल की यह यात्रा अहम मानी जा रही है।