दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल, आज से OPD और इमरजेंसी सेवाएं बंद

दिल्ली में एक बार फिर से स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने से मरीजों की दिक्कतें बढ़ने वाली हैं। रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठन फेडरेशन आफ रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर 17 दिसंबर यानि आज से दिल्ली के सभी अस्पतालों में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं ठप कर हड़ताल करने का एलान किया है।

साथ ही फोर्डा ने दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों के मेडिकल कालेज में भी रेजिडेंट डॉक्टरों से हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। फोर्डा के मुताबिक, आश्वासन मिलने के सप्ताह भर बाद भी केंद्र सरकार की ओर से उनकी मांग पर कोई जवाब नहीं मिला है।

नीट-पीजी काउंसलिंग के मामले में अभी भी केंद्र सरकार ने तारीख घोषित नहीं की है, इसलिए रेजिडेंट डॉक्टर फिर से हड़ताल पर जाने को मजबूर हैं। इससे पहले बीते तीन दिसंबर से डाक्टरों ने हड़ताल की थी, जिसके चलते दिल्ली में मरीजों को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ा था।

सप्ताह भर चली हड़ताल के बाद मरीजों की परेशानी को देखते हुए फोर्डा ने 9 दिसंबर से एक सप्ताह के लिए हड़ताल पर अस्थायी रोक लगाई थी. साथ ही सरकार को काउंसलिंग शुरू करने के लिए एक सप्ताह का वक्त दिया था, लेकिन काउंसलिंग शुरू न होने से अब संगठन ने फिर से हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। फोर्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मनीष ने बताया कि इस बार रेजिडेंट डॉक्टर ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं का एक साथ बहिष्कार करेंगे।